11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
दीपिका पादुकोण 12 मार्च को होने वाले ऑस्कर अवॉर्ड्स में प्रेजेंटर के रूप में शामिल होंगी। इससे पहले सिर्फ दो ही भारतीयों को ये उपलब्धि मिली है।
दीपिका पादुकोण के खाते में एक और उपलब्धि आई है। दीपिका इस बार ऑस्कर अवॉर्ड्स प्रेजेंट करेंगी। ये जानकारी खुद दीपिका ने शेयर की है। ये तीसरा मौका होगा जब कोई भारतीय ऑस्कर अवॉर्ड्स प्रेजेंट करेगा। इससे पहले 2016 में प्रियंका चोपड़ा और 1980 में पूर्व मिस इंडिया पर्सिस खंबाटा ऑस्कर अवॉर्ड्स में प्रेजेंटर के रूप में शामिल हो चुकी हैं।
ऑस्कर अवॉर्ड्स अमेरिका में 12 मार्च की रात दिए जाएंगे। भारतीय समय अनुसार 13 मार्च की सुबह 5.30 बजे अवॉर्ड सेरेमनी शुरू होगी।
दीपिका पादुकोण से पहले पूर्व मिस इंडिया पर्सिस खंबाटा और प्रियंका चोपड़ा ऑस्कर अवॉर्ड्स को होस्ट कर चुकी हैं।
पहले जानते हैं दीपिका ने इंस्टा पर क्या शेयर किया
दीपिका ने अपनी इंस्टाग्राम पर ऑस्कर 2023 हैशटैग के साथ एक लिस्ट शेयर की है, जिसमें उनके साथ-साथ सभी प्रेजेंटर के नाम शामिल हैं। दीपिका के अलावा इस फंक्शन को रिज अहमद, एमिली ब्लंट, ग्लेन क्लोज, जेनिफर कॉनेली, एरियाना डीबोस, सैमुअल एल जैक्सन, ड्वेन जॉनसन, माइकल बी जॉर्डन, ट्रॉय कोत्सुर, जोनाथन मेजर्स, मेलिसा मैक्कार्थी, जेनेल मोनाए, क्वेस्टलोव, जो सलदाना और डोनी येन जैसे एक्टर्स भी प्रेजेंट करेंगे।
फीफा ट्रॉफी रिवील करने वाली पहली भारतीय बनी थी
दीपिका पादुकोण ने पिछले साल फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी रिवील की थी। ऐसा करने वाली वो पहली भारतीय थीं। दीपिका और पूरे भारत के लिए वो बेहद गौरवशाली पल था, ऐसा इसलिए क्योंकि फुटबाल वर्ल्ड कप पर पूरी दुनिया की निगाहें रहती हैं। इसकी ट्रॉफी को छूने का अधिकार भी चुनिंदा लोगों को होता है। वहीं, कान्स फिल्म फेस्टिवल में उन्हें ज्यूरी मेंबर के तौर पर शामिल किया गया था।
दीपिका ने फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को रिवील कर भारत का मान पूरी दुनिया में बढ़ाया था।
ऑस्कर 2023 से भारत की तीन उम्मीदें
इस बार ऑस्कर अवॉर्ड्स कई मायनों में खास होने वाला है। भारत को इस बार तीन नॉमिनेशन मिला है। फिल्म RRR के गाने नाटू-नाटू को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग की कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है। वहीं ‘ऑल दैट ब्रीथ्स’ को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर और द एलिफेंट व्हिस्परर्स को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म कैटेगरी के तहत नॉमिनेशन मिला है।
इसमें से नाटू-नाटू सॉन्ग से काफी उम्मीदें हैं क्योंकि इसने हाल ही में गोल्डन ग्लोब और हॉलीवुड क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स अपने नाम किया है।
इस बार के ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत का आरआरआर के गाने नाटू-नाटू से काफी उम्मीदें हैं। इसे बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग की कैटेगरी में शामिल किया गया है।
ये खबर भी पढ़ें..
इकोनॉमी क्लास में ट्रेवल करती दिखीं दीपिका पादुकोण:वीडियो देख फैंस ने की सादगी की तारीफ
इन दिनों शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान अपनी ताबड़तोड़ कमाई को लेकर सुर्खियों में बनी हुई है। इसी बीच दीपिका को फ्लाइट की इकोनॉमी क्लास में सफर करते हुए देखा गया है, जिसका एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक्ट्रेस ऑरेंज और ब्लू स्पोर्ट्स टी-शर्ट में दिखाई दे रही हैं। इसके साथ उन्होंने मैचिंग कैप पहनी हुई है और गॉग्ल्स भी लगाया हुआ है। वीडियो में दीपिका को फ्लाइट की गैलरी में सभी यात्रियों के बीच से चुपचाप निकलते हुए देखा जा सकता है।पूरी खबर पढ़ें..