एक घंटा पहलेलेखक: प्रियंका जोशी
फोर्ब्स की लिस्ट में इस बार फिर दुनिया की सबसे अमीर सिंगर के रूप में पॉपस्टार रिहाना का नाम शामिल हुआ है। रिहाना को फोर्ब्स ने अपनी लिस्ट में 1729वें नंबर पर रखा है, उनकी सम्पत्ति 1.7 बिलियन यूएस डॉलर जो इंडियन करेंसी में करीब 12900 करोड़ रुपए है।
किसान आंदोलन के दौरान अपने ट्विटर हैंडल से ट्विट के बाद रिहाना भारत में काफी चर्चाओं में रहीं थीं और इन्हीं चर्चाओं के बीच रिहाना के ट्विटर अकाउंट पर एक मिलियन फॉलोअर्स में इजाफा भी हुआ था। लेकिन हमेशा से ही रिहाना करोड़पति या किसी बिजनेसमैन की बेटी नहीं रही हैं। उन्होंने पॉपस्टार, फैशन डिजाइनर और एक सफल बिजनेस वुमन तक बनने के सफर में कई उतार-चढ़ावो का सामना किया है।
सिर दर्द की वजह से शुरू किया गाना
अकाउंटेंट मोनिका और वेयरहाउस सुपरवाइजर रोनाल्ड के घर 20 फरवरी 1988 को पैदा हुईं रॉबिन रिहाना फैंटी के पैरेंट्स तभी अलग हो गए थे, जब वह महज 14 साल की थीं। साधारण परिवार और फिर पैरेंट्स के डिवोर्स से रिहाना की जिंदगी पर बड़ा असर पड़ा था। रिहाना माता-पिता के अलग होने के बाद पिता के साथ रहने लगीं।
उनके पिता शराब पीने के आदी थे और ऐसे में वो रिहाना को काफी परेशान किया करते थे। रिहाना को अपने सांवले रंग की वजह से भी स्कूल में बुली किया जाता था। इस वजह से रिहाना को सिर में दर्द की शिकायत हो गई। बस इसी दर्द को दूर करने के लिए रिहाना सिंगिग करने लगीं। इसी बीच जब वो 15 साल की थीं तो प्रोड्यूसर इवान रोजर्स की ओर से लिए जा रहे ऑडिशन में पहुंची। ये उनकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट था और इसके बाद वो पॉपस्टार के तौर पर दुनिया में छा गईं।
रोजर्स ने एक बार रिहाना के ऑडिशन में आने के वाकये को याद करते हुए बताया था कि ‘जब वो कमरे के अंदर आईं तो ऐसा लग रहा था कि जैसे कमरे में मौजूद दो अन्य लड़कियों का वजूद ही नहीं है। वहां पर बस वही थीं।’
फिर क्या था इसके बाद रिहाना कनेक्टिकट चली आईं। रोजर्स और उनकी पत्नी के साथ रहने लगीं। यहां उन्होंने 4 गाने शूट किए और फिर वो रातोंरात स्टार बन गईं। रिहाना कहती हैं कि मैंने जब मैंने बारबाडोस छोड़ा तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।
दुनिया में सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाली चौथी सेलेब्रिटी
दुनिया में रिहाना की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्विटर पर उनके 105 मिलियन फॉलोवर्स हैं। ट्विटर पर दुनिया में सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले लोगों में रिहाना चौथे नंबर पर आती हैं। इंस्टाग्राम पर रिहाना को 126 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। रिहाना ने ‘Don’t stop the music’, ‘Love the way you lie’, ‘Umbrella’ जैसे कई शानदार गानों को आवाज दी है। यही नहीं रिहाना हॉलीवुड फिल्म बैटलशिप और ‘Ocean’s 8’ जैसी कई मूवीज में भी नज़र आ चुकी हैं। 32 साल की रिहाना का फेंटी के नाम से अपना फैशन ब्रांड भी है।
रिहाना के परिवार की बात करें तो रिहाना के माता पिता के अलावा 2 छोटे भाई और 3 सौतेले भाई बहन हैं। फिलहाल रिहाना मां बनने की तैयारी कर रहीं हैं। ये उनके बॉयफ्रेंड एसेप रॉकी (A$AP Rocky) से उनका पहला बच्चा है। हालांकि, अभी तक दोनों ने शादी नहीं की है. रिहाना और एसेप रॉकी ने 2020 में अपने रिश्ते को पब्लिबकली कंफर्म किया था। रॉकी ने एक इंटरव्यू में रिहाना को “लव ऑफ माय लाइफ” कहकर अपने रिश्ते पर मुहर लगाई थी. इस इंटरव्यू में रैपर से पिता बनने को लेकर भी सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने कहा था- ‘मुझे लगता है कि मैं एक बेहतरीन पिता बनूंगा। रिहाना के इससे पहले क्रिस ब्राउन और हसन जमील से भी रिश्ता रह चुका है। रिहाना का लास्ट सांग 2016 में आया था।
गिनीज बुक में दर्ज हो चुका है नाम
‘गुड गर्ल गॉन बैड’ के बाद रिहाना के करियर को पंख लगे और उन्होंने एक के बाद एक कई हिट म्यूजिक एलबम रिलीज किए। इनमें ‘अनअपोलोजेटिक’, ‘रेटेड आर’, ‘लाउड’ और ‘टॉक दैट टॉक’ शामिल है। हॉलीवुड में अपने महज 19 साल के करियर में रिहाना अब तक 13 अमेरिकन म्यूजिक अवॉर्ड, 12 बिलबोर्ड म्यूजिक अवॉर्ड, 9 ग्रेमी अवॉर्ड और 6 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल कर चुकी हैं। रिहाना को उनके एलबम ‘अंब्रेला’ के लिए पहली बार ग्रेमी अवार्ड से सम्मानित किया गया। रिहाना ने लंदन के ’02 एरेना’ में सोलो आर्टिस्ट के तौर पर 10 म्यूजिक शो किए हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
कोरोना काल में राहत के जुटाए 36 करोड़
सोशल मीडिया पर अपने ट्वीट्स और तस्वीरों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वालीं रिहाना सामाजिक कार्यों में भी आगे रहती हैं। बीते साल मार्च के महीने में रिहाना ने अपने एनजीओ क्लारा लियोनेल फाउंडेशन के जरिए कोरोना वायरस राहत फंड के लिए 36 करोड़ रुपए जमा किए। इसके अलावा रिहाना ने खुद भी 2 मिलियन डॉलर की एक बड़ी रकम राहत फंड में दान दी थी।
ट्रंप के फैसले का भी विरोध कर चुकी हैं रिहाना
ऐसा नहीं है कि भारत में चल रहे किसान आंदोलन पर ट्वीट कर रिहाना पहली बार सुर्खियों में आई थीं। इससे पहले भी वो कई बड़े मौकों पर इस तरह ट्वीट कर चुकी हैं। पुलिस बर्बरता के विरोध में रिहाना ने अमेरिका में साल 2016 में बियॉन्से, क्रिस रॉक और जेनिफर हडसन के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके अलावा जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मुस्लिम देशों के यात्रियों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया तो वो खुलकर इस फैसले के विरोध में उतरीं।
कैसे बढ़ी संपत्ति
रिहाना की फैशन ब्रांड फेंटी ब्यूटी में 50% की हिस्सेदारी है। इसके अलावा, उनकी संपत्ति के बाकी हिस्से में सैवेज एक्स फेंटी लॉन्जरी कंपनी में उनके शेयर और एक्ट्रेस-सिंगर के जरिए होने वाली कमाई शामिल है। यह पहला मौका नहीं है जब फोर्ब्स की लिस्ट में रिहाना का नाम आया हो 2019 में भी फोर्ब्स ने रिहाना को सबसे धनी म्यूजिशियन बताया था। उस वक्त फोर्ब्स के मुताबिक रिहाना की कुल संपत्ति 600 मिलियन डॉलर यानी 4400 करोड़ रुपये थी। जिसके बाद रिहाना की संपत्ति में काफी इजाफा हुआ है।